बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपनी दमदार अदाकारी के लिए जाने जाते हैं। साल 1984 में आई उनकी फिल्म ‘शराबी’ में नशे में रहने वाले विक्की कपूर के किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। लेकिन क्या इस किरदार को पर्दे पर जीवंत करने के लिए अमिताभ बच्चन ने वास्तव में शराब पी थी?

हाल ही में ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मंच पर यह सवाल उठा, जिसका जवाब खुद बिग बी ने अपने मजाकिया अंदाज में दिया।

दरअसल, ‘कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18’ के सेट पर वीडियो कॉल के दौरान कंटेस्टेंट बिमल ने अमिताभ बच्चन से उनकी फिल्म ‘शराबी’ का जिक्र किया। बिमल ने बताया कि वह इस फिल्म को कम से कम 50 बार देख चुके हैं। इसके बाद उन्होंने अमिताभ से पूछा कि फिल्म में उनका नशे में रहने वाला अंदाज वास्तविक था या फिर पूरी तरह अभिनय का हिस्सा था।

इस सवाल पर अमिताभ बच्चन ने हंसते हुए कहा, “क्योंकि आपने सवाल पूछा है, तो हम उसका जवाब देंगे, साहब। हमने शराब पीकर एक्टिंग नहीं की है। वह जो भी है, केवल नाटक है।” उनके इस जवाब ने साफ कर दिया कि फिल्म में नशे में नजर आने वाला उनका अंदाज पूरी तरह अभिनय का कमाल था।

ओम प्रकाश के साथ रिश्ते को बताया था खास

अमिताभ बच्चन ने फिल्म की कहानी को याद करते हुए कहा कि उन्हें इसकी कहानी बहुत पसंद थी। खासतौर पर फिल्म में दिखाया गया पिता और बेटे का रिश्ता उन्हें बेहद अच्छा लगा। उन्होंने दिवंगत अभिनेता ओम प्रकाश के साथ अपने किरदार की मित्रता और उनकी भूमिका को भी याद किया।

बिग बी के मुताबिक, फिल्म की भावनात्मक कहानी और पिता-पुत्र के रिश्ते ने उनके किरदार को खास बनाया था। यही वजह है कि ‘शराबी’ आज भी उनकी यादगार फिल्मों में गिनी जाती है।

1984 में रिलीज हुई थी ‘शराबी’

बता दें कि फिल्म ‘शराबी’ वर्ष 1984 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। प्रकाश मेहरा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के साथ जया प्रदा, प्राण और ओम प्रकाश ने अहम भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म में अमिताभ ने विक्की कपूर का किरदार निभाया था, जो एक अमीर कारोबारी का बेटा है। पिता से भावनात्मक दूरी के कारण वह शराब का सहारा लेने लगता है। फिल्म में पिता-पुत्र के रिश्ते, अकेलेपन और भावनात्मक संघर्ष को प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया था।

‘शराबी’ में अमिताभ बच्चन की अदाकारी और उनके संवाद आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं। अब KBC के मंच पर उनके इस खुलासे के बाद एक बार फिर फिल्म और उनके यादगार किरदार की चर्चा शुरू हो गई है। ‘कौन बनेगा करोड़पति’ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित होता है।