बिलासपुर…कोनी थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए फरार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैलाने वाले आरोपी पुलिस की लगातार पतासाजी और दबाव के आगे ज्यादा दिन टिक नहीं सके। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की गई रकम में से 800 रुपये बरामद किए हैं और दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

 जमीन पर गिराकर की लूट

मामला 14 जनवरी 2026 की रात करीब 10:30 बजे का है। प्रार्थी तामेश्वर सोनी, मार्क अस्पताल बिलासपुर से मोटरसाइकिल पर अपने घर लौट रहे थे। जब वे फॉरेस्ट कार्यालय के सामने कच्ची सड़क, कोनी के पास पहुंचे, तभी तीन युवकों ने उनसे लिफ्ट मांगी। मोटरसाइकिल धीमी होते ही आरोपियों ने हैंडल पकड़कर वाहन असंतुलित कर दिया और प्रार्थी को सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद मारपीट कर पर्स में रखे 11 हजार रुपये और अन्य सामान लूटकर आरोपी फरार हो गए।

सूचना पर हरकत में आई पुलिस 

घटना की रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। आसपास के इलाकों में पतासाजी तेज की गई और संदेह के आधार पर लक्ष्मण वंशकार उर्फ छोटू को हिरासत में लिया गया। कड़ाई से पूछताछ में उसने अपने दो साथियों कुलदीप उर्फ क्विंटल उर्फ संजय वंशकार और श्रवण उर्फ नानू कौशिक के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

 गिरफ़्तारी और नकदी भी बरामद

प्रार्थी द्वारा आरोपियों की पहचान किए जाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की। पहले लक्ष्मण वंशकार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इसके बाद फरार चल रहे कुलदीप और श्रवण को भी 16 जनवरी की रात हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया, जिनके कब्जे से लूट की रकम में से 800 रुपये बरामद किए गए। आरोपियों ने शेष रकम खाने-पीने में खर्च करने की बात कही।

लूट के आरोप में न्यायिक रिमांड

पुलिस ने बरामद नकदी को विधिवत जप्त कर लिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर 17 जनवरी 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।