बिलासपुर… बचपन में स्काउट-गाइड से जुड़ीं निधि कश्यप की मेहनत अब उन्हें रेलवे तक ले गई है। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़, जिला संघ बिलासपुर की रेंजर लीडर निधि का स्काउट-गाइड कोटा से दक्षिण पूर्व रेलवे में चयन हुआ है। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित निधि ने बुधवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल से मुलाकात कर अपनी उपलब्धि साझा की।

स्काउट-गाइड से लंबे समय तक जुड़ाव के दौरान निधि ने सामाजिक सेवा, जनजागरूकता और विभिन्न सेवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की। रेंजर लीडर के रूप में काम करते हुए उन्हें अनुशासन और नेतृत्व के साथ जिम्मेदारी निभाने का अनुभव मिला। यही अनुभव रेलवे में स्काउट-गाइड कोटा से चयन की राह में भी काम आया।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने निधि को चयन पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है। निधि की उपलब्धि लंबे समय की मेहनत और सक्रिय सहभागिता का परिणाम है।

निधि ने कहा कि स्काउट-गाइड से जुड़ने के बाद उन्हें सेवा और अनुशासन के साथ काम करने का अवसर मिला। यहां मिले प्रशिक्षण और अनुभव ने उनके व्यक्तित्व को निखारा और आगे बढ़ने का आत्मविश्वास दिया।

निधि की इस उपलब्धि पर संयुक्त राज्य सचिव बीना यादव, सहायक राज्य आयुक्त स्काउट विजय कुमार यादव, जिला मुख्य आयुक्त राजेन्द्र साहू, जिला शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार पांडे, जिला आयुक्त गाइड आरती राय, जिला सचिव लता यादव और जिला संगठन आयुक्त स्काउट महेन्द्र बाबू टंडन सहित जिला संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।