बिलासपुर.. ग्राम लमकेना में अवैध कच्ची महुआ शराब की बिक्री की सूचना पर कोटा पुलिस ने दबिश देकर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से कुल 32 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक 22 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लमकेना में एक युवक अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई गई। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान अजय मरकाम, पिता विशेष राम मरकाम, निवासी लमकेना के कब्जे से अलग-अलग पात्रों में रखी कच्ची महुआ शराब मिली। इसमें 20 लीटर क्षमता की बाल्टी में 18 लीटर, 10 लीटर क्षमता की बाल्टी में 10 लीटर और पांच लीटर की जेरिकेन में चार लीटर शराब थी। पुलिस ने कुल 32 लीटर शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

यह कार्रवाई अवैध शराब और नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस ने जब्ती के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, सुनील पटेल और मोहन सिंह ध्रुव की भूमिका रही।