CG News –छत्तीसगढ़ की सरगुजा (अंबिकापुर) पुलिस ने अंतर्राज्यीय सीमा पर एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पड़ोसी राज्य झारखंड के जमशेदपुर में हुए सनसनीखेज गोलीकांड के 4 मुख्य शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है.

वारदात के बाद चारों आरोपी अर्टिगा कार से पुलिस को चकमा देकर छत्तीसगढ़ की ओर भाग रहे थे. सरगुजा पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान मणिपुर थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर चारों को धर दबोचा.

गिरफ्तारी की सूचना के बाद झारखंड पुलिस की विशेष टीम अंबिकापुर पहुंच चुकी है. औपचारिकताएं और मेडिकल जांच पूरी कराने के बाद चारों को ट्रांजिट रिमांड पर झारखंड पुलिस के सुपुर्द किया जाएगा.

झारखंड के औद्योगिक शहर जमशेदपुर में बीते दिनों ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना हुई थी.आरोपियों ने जमशेदपुर में आपसी रंजिश या गैंगवार के तहत तीन लोगों पर अंधाधुंध गोलियां चला दी थीं. गोली लगने से तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है और हालत नाजुक बनी हुई है.

 वारदात को अंजाम देने के बाद चारों शूटर सफेद रंग की अर्टिगा कार में सवार होकर झारखंड की सीमा लांघ गए और ओडिशा व छत्तीसगढ़ के वनांचल रास्तों का इस्तेमाल कर भागने की फिराक में थे.

घटना की गंभीरता को देखते हुए झारखंड पुलिस ने तत्काल छत्तीसगढ़ और ओडिशा पुलिस को इनपुट साझा किया था. इसके बाद अंतर्राज्यीय सीमाओं पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था:

 सरगुजा एसपी के निर्देश पर अंबिकापुर शहर के प्रवेश मार्गों पर नाकेबंदी की गई थी.इसी दौरान मणिपुर थाना क्षेत्र के पास संदिग्ध अर्टिगा कार को रोककर जब जांच की गई, तो उसमें सवार चारों युवकों से पूछताछ में उनकी पहचान जमशेदपुर गोलीकांड के वांछित शूटरों के रूप में हुई.

अंबिकापुर पुलिस फिलहाल चारों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों और वारदात के पीछे के मास्टरमाइंड की जानकारी जुटाई जा सके.