बिलासपुर…सिरगिट्टी पुलिस ने हत्या के सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी अपनी प्रेमिका और उसके पति की हत्या की साजिश रचने के बाद घटना दिनांक से लगातार फरार था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे रांची से हिरासत में लेकर बिलासपुर लाया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

मामला थाना सिरगिट्टी के अपराध से जुड़ा है, जिसमें धारा 103(1), 61 और 238 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुगड टोप्पनो पिता सिपरयन टोप्पनो निवासी रंगामाटी थाना अनंतपुर जिला रांची झारखंड के रूप में हुई है, जो प्रगति नगर सिरगिट्टी में रह रहा था।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक विनोद लोमदा को उसकी पत्नी पूनम लोमदा ने रुपए दिलाने के बहाने झारखंड से लोकल ट्रेन में बैठाकर बिलासपुर लाया। इसके बाद रेलवे स्टेशन के आगे सुनसान इलाके में आरोपी सुगड टोप्पनो और उसके साथियों ने मिलकर विनोद लोमदा की हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले गमछे से गला घोंटा, फिर चाकू से गला रेत दिया और शव को रेलवे पटरी किनारे पानी भरे कीचड़ में फेंककर फरार हो गए।

घटना के बाद पूनम लोमदा ने परिवार को गुमराह करते हुए कहा था कि विनोद राउरकेला में काम करने रुक गया है, लेकिन पूछताछ में पूरा राज खुल गया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि उसका प्रेमी सुगड टोप्पनो लगातार फरार चल रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस ने विशेष टीम गठित कर झारखंड रवाना की। तकनीकी इनपुट और लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।

सिरगिट्टी पुलिस की इस कार्रवाई को हत्या के मामले में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।