बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दिवाली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की जान चली गई।

रायपुर से पल्सर बाइक पर सवार होकर अपने गांव गतौरी लौट रहे दोनों भाइयों को कोनी थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने टक्कर मार दी।

हादसे में छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बड़े भाई ने सिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, गतौरी निवासी देव कुमार बघेल के बेटे रितेश बघेल (22) और साहीन बघेल (19) करीब एक महीने पहले काम की तलाश में रायपुर गए थे। वहां दोनों अपने जीजा के साथ कूलर और अलमारी बनाने का काम करते थे।

शनिवार को दोनों भाई दिवाली मनाने के लिए बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे जब वे कोनी थाना क्षेत्र के लोखंडी-तुर्काडीह के पास मोड़ पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साहीन की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में रितेश भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे 108 एंबुलेंस की मदद से पहले रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर किया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस तरह दिवाली पर घर लौट रहे दोनों भाइयों की जिंदगी रास्ते में ही खत्म हो गई।

इस हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दिया है। परिजनों के मुताबिक, दोनों भाइयों के माता-पिता की पहले ही बीमारी के कारण मौत हो चुकी थी। घर में बुजुर्ग दादा-दादी, एक छोटा भाई और बहन हैं। परिवार की जिम्मेदारी बड़े भाई रितेश पर थी। वह काम करके परिवार का सहारा बना हुआ था। L

हादसे में हेलमेट नहीं पहनने की बात भी सामने आई है। बताया गया है कि दुर्घटना के समय दोनों भाइयों ने हेलमेट नहीं लगाया था। सिर में गंभीर चोट लगने और अधिक खून बहने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।