Amitabh bachchan health।बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की सेहत को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी तबीयत ठीक नहीं होने के कारण लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) की शूटिंग फिलहाल रोक दी गई है।

बताया जा रहा है कि शो के मेकर्स ने नए एपिसोड की शूटिंग टालते हुए पुराने एपिसोड का दोबारा प्रसारण शुरू किया है। हालांकि, अमिताभ बच्चन की सेहत (Amitabh bachchan health)को लेकर उनकी ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक मेडिकल जानकारी सामने नहीं आई है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, चैनल इन दिनों दिवाली स्पेशल वीक के तहत कुछ सप्ताह पहले रिकॉर्ड किए गए एपिसोड टेलीकास्ट कर रहा है। इन एपिसोड में फिल्मी सितारे मेहमान बनकर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि अमिताभ बच्चन की तबीयत को देखते हुए मेकर्स को शो का प्रसारण शेड्यूल बदलना पड़ा है।

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि KBC का आखिरी बड़ा सेलिब्रिटी एपिसोड रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे के साथ शूट किया गया था। तीनों अपनी आने वाली फिल्म ‘रामायण’ के प्रचार के लिए शो के सेट पर पहुंचे थे।

Amitabh bachchan health।पहले इस एपिसोड को फिल्म की रिलीज के आसपास प्रसारित करने की योजना थी, लेकिन अमिताभ बच्चन की सेहत को ध्यान में रखते हुए चैनल ने इसे दिवाली स्पेशल वीक की शुरुआत में ही टेलीकास्ट कर दिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यदि अमिताभ बच्चन की तबीयत में सुधार होता है तो अगले सप्ताह से KBC की शूटिंग दोबारा शुरू हो सकती है। हालांकि, शूटिंग की वापसी पूरी तरह उनकी सेहत और डॉक्टरों की सलाह पर निर्भर करेगी।

गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया था कि डॉक्टरों ने उन्हें कुछ समय आराम करने की सलाह दी है। इसके अलावा अपने ब्लॉग में भी उन्होंने रात में नींद नहीं आने की समस्या का जिक्र किया था। उनके स्वास्थ्य से जुड़ी इन बातों के बाद प्रशंसक लगातार उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं।

शनिवार को अपने ब्लॉग में अमिताभ बच्चन ने काम और रोजमर्रा की दिनचर्या में धीरे-धीरे लौटने की बात लिखी। उन्होंने बताया कि नियमित जीवन से कुछ समय दूर रहने के बाद दोबारा उसी दिनचर्या में लौटना अलग अनुभव होता है।

उन्होंने यह भी साझा किया कि कभी-कभी उन्हें अपना चश्मा, मोबाइल और यहां तक कि आगे क्या काम करना है, यह भी याद नहीं रहता। कुछ घंटे पहले किए गए काम भी यादों से गायब हो जाते हैं, जबकि स्कूल के आठवीं कक्षा के दिन आज भी उन्हें अच्छी तरह याद हैं।

अमिताभ बच्चन कई वर्षों से ‘कौन बनेगा करोड़पति’ को होस्ट कर रहे हैं। ऐसे में शो की शूटिंग रुकने की खबर से उनके प्रशंसकों के बीच चिंता है। फिलहाल सभी को उनके जल्द स्वस्थ होने और दोबारा काम पर लौटने का इंतजार है।