बिलासपुर…सिरगिट्टी पुलिस ने सूने मकान में चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मिशन सिक्योर सिटी के तहत लगे सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची। पुलिस ने आरोपी विशाल अग्रवाल को रायपुर से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लगभग डेढ़ लाख रुपए मूल्य के सोना-चांदी के जेवर बरामद किए हैं।

मामला थाना सिरगिट्टी के अपराध से जुड़ा है, जिसमें धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी 13 मई 2026 को अपनी सास की तबीयत खराब होने पर पत्नी के साथ मकान में ताला लगाकर राजिम चला गया था। 19 मई की शाम मोहल्ले वालों ने सूचना दी कि उसके मकान का ताला टूटा हुआ है। वापस लौटकर देखा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अलमारी में रखे सोना-चांदी के जेवर गायब थे।

शिकायत मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह बैस ने विशेष टीम गठित की।

जांच के दौरान मिशन सिक्योर सिटी के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी विशाल अग्रवाल को रायपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से सोना-चांदी के जेवर जुमला कीमती लगभग 1.50 लाख बरामद किए गए।

विवेचना में यह भी सामने आया कि चोरी के कुछ जेवर सरकण्डा निवासी सोनार राजेश सोनी को बेचे गए थे। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने के कान के टॉप्स, मांग टीका और अंगूठी भी जप्त कर ली है।