Cg news।छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में दीपावली के दौरान ज्वेलरी दुकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। संजय मार्केट के पास स्थित मोती ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर पहुंचीं महिलाओं ने दुकानदार का ध्यान भटकाकर सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा पार कर दिया।

दुकान संचालक के मुताबिक, चोरी हुए जेवरों की कीमत 1 करोड़ 74 लाख रुपये से अधिक है। घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, महिलाएं बच्चों के साथ ग्राहक बनकर दुकान पहुंची थीं। उन्होंने आभूषण देखने के बहाने दुकानदार को बातचीत में उलझाए रखा।

इसी दौरान जब दुकानदार का ध्यान दूसरी ओर गया, तो एक महिला ने सोने के जेवरों से भरा डिब्बा उठाकर अपने झोले में रख लिया। इसके बाद सभी महिलाएं दुकान से बाहर निकल गईं।

1 किलो से ज्यादा सोने के जेवर होने का दावा

दुकान संचालक के अनुसार, चोरी हुए डिब्बे में 1 किलो से अधिक वजन के सोने के आभूषण रखे थे। इनकी कीमत 1 करोड़ 74 लाख रुपये से ज्यादा बताई गई है। हालांकि, चोरी हुए जेवरों की वास्तविक मात्रा और कीमत का आधिकारिक आकलन अभी नहीं हुआ है।

पुलिस ने दुकान संचालक से आभूषणों के बिल मांगे हैं, ताकि दस्तावेजों के आधार पर चोरी हुए सोने की मात्रा और कीमत का मिलान किया जा सके।

CCTV फुटेज से महिलाओं की पहचान में जुटी पुलिस

वारदात की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

फुटेज में महिलाओं और उनके साथ मौजूद बच्चों की गतिविधियों के आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी महिलाएं कहां की रहने वाली हैं।

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि मोती ज्वेलर्स में चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।