जगदलपुर /जगदलपुर में शनिवार दोपहर हुए भयावह सड़क हादसे ने पूरे मेडिकल समुदाय को शोक में डुबो दिया।

स्वर्गीय बलीराम कश्यप मेडिकल कॉलेज (मेकाज) के एमबीबीएस 2021 बैच के छात्र अंकित दानी और उसी बैच की छात्रा आली श्रीवास्तव की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। हादसा परपा थाना क्षेत्र के हाईवे इन ढाबा के पास हुआ।

दोपहर करीब 3:30 बजे दोनों छात्र–छात्रा जगदलपुर से डिमरापाल की ओर बाइक से जा रहे थे। तभी केशलूर की ओर से तेज रफ़्तार से आ रहे ट्रक ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि भिलाई सेक्टर-7 निवासी 22 वर्षीय अंकित दानी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रायपुर निवासी छात्रा आली श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल होकर दूर जा गिरी।

मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घायल छात्रा को मेकाज अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने कोशिशों के बावजूद उसे बचा नहीं पाए और उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर और सैकड़ों मेडिकल छात्र–छात्राएं अस्पताल पहुँच गए। दोनों की मौत से कॉलेज में मातम छा गया और वातावरण गमगीन हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक टक्कर के बाद भी नहीं रुका और बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पीछा कर चालक को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।