बिलासपुर…शहर की सड़कों को फिल्मी स्टंट का मैदान बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। कोनी थाना क्षेत्र में चलती कार की छत पर युवती को बैठाकर स्टंटबाजी करने वाले चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

मामला 24 और 25 मई की दरमियानी रात का है। मौहारपारा-निरतु रतनपुर रायपुर रोड पर एक आर्टिका कार CG 10 CD 1416 तेज रफ्तार में लापरवाहीपूर्वक दौड़ रही थी। आरोप है कि चालक ने कार की छत पर एक युवती को बैठा रखा था और सड़क पर खुलेआम स्टंटबाजी कर रहा था।

वायरल रील के लिए कई जिंदगियां खतरे में

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार और स्टंट देखकर सड़क पर चल रहे लोग सहम गए। युवती की जान तो खतरे में थी ही, साथ ही किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता था। मामले की शिकायत सेंदरी निवासी धर्मेंद्र सूर्यवंशी ने थाना कोनी में दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 263/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस और 184 मोटर व्हीकल एक्ट में मामला दर्ज किया।

आरोपी चालक राहुल गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने वाहन चालक की पहचान राहुल कौशिक पिता भागवत कौशिक उम्र 30 वर्ष निवासी सरकंडा, बिलासपुर के रूप में की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की सख्त चेतावनी

पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने ने साफ कहा है कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी, रीलबाजी और यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया की दिखावेबाजी के लिए अपनी और दूसरों की जिंदगी खतरे में न डालें।