School Education: 80 हजार लेते DEO दफ्तर के तीन बाबू रंगे हाथों गिरफ्तार, लोकायुक्त की कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई लोकायुक्त सागर संभाग के उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा के निर्देशन में की गई।

School education।सरकार की सख्ती और लगातार छापामार कार्रवाई के बावजूद मध्य प्रदेश में रिश्वतखोरी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
ताजा मामला दमोह जिले से सामने आया है, जहां लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय से जुड़े तीन बाबूओं को 80 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर सरकारी दफ्तरों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई लोकायुक्त सागर संभाग के उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा के निर्देशन में की गई।
शिकायतकर्ता नवेन्द्र कुमार आठया, जो एक प्राथमिक शिक्षक हैं, ने 13 अप्रैल को लोकायुक्त कार्यालय सागर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी निलंबन अवधि समाप्त कर बहाली कराने और विभागीय जांच खत्म करने के एवज में DEO कार्यालय के बाबू 1 लाख रुपए की रिश्वत मांग रहे हैं।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया।
तय योजना के अनुसार, सोमवार रात आवेदक ने 80 हजार रुपए की राशि आरोपियों को दी। जैसे ही आरोपियों ने रिश्वत की रकम लेकर उसे बाइक की डिक्की में रखा, लोकायुक्त टीम ने मौके पर ही दबिश देकर तीनों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अनिल कुमार साहू (माध्यमिक शिक्षक), मनोज कुमार श्रीवास्तव (सहायक ग्रेड-2) और नीरज कुमार सोनी (सहायक ग्रेड-3) शामिल हैं। तीनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद उसका विधिवत सत्यापन किया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए।
इसके बाद पूरी योजना बनाकर कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस ऑपरेशन में निरीक्षक मंजू किरण तिर्की, रंजीत सिंह सहित लोकायुक्त सागर की पूरी टीम शामिल रही।




