सागर/ मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोपालपुरा गांव के पास सोमवार सुबह एक बेकाबू कंटेनर ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

इस हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब परिवार व साथी नर्मदा स्नान के लिए नरसिंहपुर जिले के प्रसिद्ध बरमान घाट जा रहे थे।

पुलिस के अनुसार, सागर जिले के भैंसा गांव निवासी परिवार व उनके साथी सोमवार सुबह कार में सवार होकर धार्मिक आस्था के साथ बरमान घाट पर नर्मदा स्नान के लिए रवाना हुए थे।

कार का संचालन अनिकेत शर्मा कर रहे थे। जैसे ही कार देवरी थाना क्षेत्र के गोपालपुरा के पास पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कंटेनर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसा होते ही आसपास के स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी। देवरी थाना पुलिस और ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे घायलों तथा मृतकों को बाहर निकालकर देवरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

दुर्घटना के प्रभाव से 3 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि अस्पताल में इलाज के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान संतोष तिवारी, माखन यादव, नीरज मिश्रा एवं सुभाषनगर निवासी एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी में कुछ घायलों का इलाज जारी है, जबकि गंभीर घायलों को सागर रेफर किया गया। हादसे में कार चालक अनिकेत शर्मा, देवेंद्र सेन, राहुल नामदेव, प्रहलाद विश्वकर्मा, रामगोपाल सेन तथा एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार डॉक्टरों की देखरेख में किया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही देवरी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग पर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना की खबर जैसे ही उनके गांव पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस की कार्रवाई जारी है।