बिलासपुर। कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हाई कोर्ट ने रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध में उनकी गिरफ्तारी पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है।

जस्टिस पीपी साहू के सिंगल बेंच ने दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति देने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए यह अंतरिम आदेश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 27 नवंबर 2026 को होगी।

मामले की सुनवाई के दौरान शोएब ढेबर की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव श्रीवास्तव और अधिवक्ता गगन तिवारी ने पक्ष रखा।

उन्होंने अदालत को बताया कि शोएब को 27 सितंबर 2026 को तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के दौरान दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 50 और 36 के अनुरूप आवश्यक प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया था। इस आधार पर रिमांड मजिस्ट्रेट ने उन्हें रिहा कर दिया था।

बचाव पक्ष ने दलील दी कि रिहाई के बाद दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति देने से पहले आरोपी को सुनवाई का अवसर देना जरूरी है।

सुप्रीम कोर्ट के मिहिर राजेश शाह बनाम महाराष्ट्र राज्य और जसकरण जीत सिंह देओल बनाम पंजाब राज्य के फैसलों का हवाला देते हुए कहा गया कि पुलिस के आवेदन पर बिना उसकी प्रति दिए और आरोपी का पक्ष सुने दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति देना प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है।

मजिस्ट्रेट के आदेश पर हाई कोर्ट की टिप्पणी

हाई कोर्ट ने पाया कि मजिस्ट्रेट ने पुलिस अथवा जांच एजेंसी के आवेदन पर केवल सामान्य टिप्पणी और हस्ताक्षर कर दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति दे दी थी। आदेश में सुनवाई की कोई अलग प्रक्रिया या उसका रिकॉर्ड दर्ज नहीं था। अदालत ने प्रथम दृष्टया माना कि अनुमति देते समय प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन नहीं किया गया।

राज्य शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता आशीष शुक्ला ने पक्ष रखते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया है। उन्होंने बताया कि संबंधित दस्तावेज उनके पास हैं, लेकिन नोटिस जारी नहीं होने के कारण जवाब पेश नहीं कर सके हैं। इसके लिए एक सप्ताह का समय मांगा।

दोनों पक्षों को सुनने के बाद हाई कोर्ट ने अंतरिम राहत देते हुए अगली सुनवाई तक शोएब ढेबर की गिरफ्तारी नहीं की जाए। इस आदेश से दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति देने संबंधी निचली अदालतों के आदेशों पर फिलहाल रोक लग गई है।

जानिए क्या है मामला?

रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार, कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा को विदेशी नंबर से वाट्सएप संदेश भेजकर कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले में शोएब ढेबर को आरोपी बनाया गया था।

पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया था। गिरफ्तारी की वैधता और दोबारा गिरफ्तारी की प्रक्रिया को लेकर मामला हाई कोर्ट पहुंचा है।