बिलासपुर….सड़क हादसे में घायल व्यक्ति के लिए शुरुआती समय में इलाज की व्यवस्था सबसे बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में पुलिस की त्वरित कार्रवाई न केवल कानूनी प्रक्रिया को गति दे सकती है, बल्कि पीड़ित को आर्थिक मदद भी दिला सकती है। सिविल लाइन पुलिस ने इसी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना राहत योजना के तहत तत्काल 1.5 लाख रुपये की सहायता दिलाने की प्रक्रिया पूरी की। खास बात यह है कि बिलासपुर जिले में eDAR पोर्टल पर यह पहला प्रकरण सिविल लाइन थाने ने तैयार किया है।

घटना 2 नवंबर 2026 की है। नेहरू चौक स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-130 पर जयंत यादव अपनी स्कूटी से मंदिर चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल चालक की कथित लापरवाही से उनकी स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में जयंत गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर बेहतर उपचार के लिए डीकेएस अस्पताल रायपुर रेफर किया गया।

दुर्घटना की सूचना कंट्रोल रूम से मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर तिवारी ने सहायक उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह और आरक्षक सोनू भार्गव को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस टीम कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना राहत से संबंधित आवश्यक दस्तावेज तैयार किए। इसके बाद पीएम राहत पोर्टल के माध्यम से प्रकरण दर्ज किया गया। साथ ही eDAR पोर्टल पर भी पूरी प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस की इस तत्परता से पीड़ित को 1.5 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का रास्ता खुला।

एसएसपी ने की सराहना, टीम को पुरस्कार

इस कार्य के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी की सराहना की। वहीं सहायक उपनिरीक्षक शैलेन्द्र सिंह को 500 रुपये और आरक्षक सोनू भार्गव को 300 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की। एसएसपी ने जिले के अन्य पुलिसकर्मियों को भी सड़क दुर्घटनाओं में इसी तरह संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।