बिलासपुर… सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर राहगीरों और आम नागरिकों को डराना एक युवक को भारी पड़ गया। जोरापारा तालाब के पास हथियार लेकर लोगों को धमका रहे युवक को सरकंडा पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लोहे का धारदार चाकू भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, सरकंडा थाने की पेट्रोलिंग टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि जोरापारा तालाब के पास एक युवक हाथ में अवैध चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गवाहों की मौजूदगी में संदिग्ध युवक की घेराबंदी कर तलाशी ली। उसके कब्जे से धारदार लोहे का चाकू बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी की पहचान ओमेश सिंह ठाकुर पिता राजेंद्र सिंह ठाकुर, निवासी सीएमएचओ कार्यालय परिसर, थाना सरकंडा के रूप में हुई। पुलिस ने चाकू रखने के संबंध में वैध दस्तावेज या लाइसेंस मांगा, लेकिन वह प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद चाकू जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया है।

यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान के नेतृत्व में की गई।