बिलासपुर..रक्षाबंधन की रात दो लोगों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते गुटों के टकराव और पथराव में बदल गया। घटना में कुछ लोगों को पत्थर लगे। सूचना मिलते ही बिलासपुर पुलिस रात में ही सक्रिय हो गई। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने ड्रोन कैमरों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से घटना में शामिल संदिग्धों की पहचान शुरू की। अब तक तीन चरणों में कुल 29 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पहले 20, फिर चार और आज पांच

पहले चरण में पुलिस ने दंगा-फसाद, पथराव और विभिन्न धाराओं में 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें मौला बख्श, शेख अजीउद्दीन, अजहरुद्दीन, मोहम्मद जाहिद, शफीक अहमद, शकील उर्फ राजा खान, मोहम्मद लाइक, रेहान अली उर्फ इरानी, मुहम्मद जुनैद, शेर खान, अजहर कुरैशी, बिजेन अनंत, अब्दुल रज्जाक, अरबाज खान, सोहेल खान, शेख सुल्तान, मोहम्मद मुस्तकीन, राजू यादव उर्फ नान, राकेश यादव और छत्रसाल साहू शामिल हैं।

दूसरे चरण में पुलिस ने अक्षय, अभय शर्मा, मोहनजीत गोस्वामी और सत्यानंद साहू को गिरफ्तार किया। इन चारों को पुलिस ने जुलूस के रूप में सड़क पर ले जाकर कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक की।

आज पांच और गिरफ्तार, सड़क पर निकाला जुलूस

कार्रवाई के तीसरे चरण में आज पुलिस ने संदीप, दुर्गेश पुरी गोस्वामी, अभिजीत निषाद, करण कश्यप और कन्हैया मरावी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पांचों आरोपियों को खुले सड़क पर जुलूस के रूप में ले जाया। लगातार तीन चरणों में हुई गिरफ्तारी से पुलिस की कार्रवाई का दायरा साफ हो रहा है।

संदीप, करण कश्यप और कन्हैया मरावी कुंद्रापारा तिफरा क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि दुर्गेश पुरी गोस्वामी और अभिजीत निषाद कुंद्रापारा सिरगिट्टी क्षेत्र से जुड़े हैं।

रामसिंह के गिरेबान तक पहुंची पुलिस 

29 गिरफ्तारियों के बाद पुलिस की जांच अब रामसिंह तक पहुंच गई है। रामसिंह को दूसरे गुट का प्रमुख आरोपी बताया जा रहा है। पुलिस उसके संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटा चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई आगे बढ़ा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रामसिंह की गिरफ्तारी जल्द हो सकती है और उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

मुख्य आरोपी सोहेल को पुलिस पहले ही हथियारों के साथ गिरफ्तार कर चुकी है। ऐसे में रामसिंह की गिरफ्तारी इस मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई की महत्वपूर्ण कड़ी होगी।

एएसपी पंकज पटेल की निगरानी में कार्रवाई

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ चल रही है। पूछताछ और जांच में सामने आ रही जानकारियों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। मामले में जिन लोगों की भूमिका सामने आ रही है, उनकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार काम कर रही हैं। जिले से बाहर जाने वाले संभावित आरोपियों तक पहुंचने के लिए भी पुलिस की कार्रवाई जारी है।

एसएसपी रजनेश सिंह का दो टूक संदेश

एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया कि बिलासपुर की पहचान शांति और सामाजिक सौहार्द से है। भाषा और क्षेत्र की अलग-अलग पहचान के बावजूद शहर में भाईचारा इसकी सबसे बड़ी ताकत है। रक्षाबंधन जैसे पर्व पर माहौल बिगाड़ने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व शहर की सुरक्षा और आम लोगों की रक्षा करना है। जो लोग शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें यह स्पष्ट संदेश है कि पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी तक पहुंचेगी। किसी भी आरोपी को कानून से बचने का अवसर नहीं मिलेगा। पुलिस को आम लोगों का सहयोग मिल रहा है और इसी सहयोग से आरोपियों तक पहुंचने की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है।

घटना के बाद नागरिकों ने शांति मार्च निकालकर सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। वहीं पुलिस की तीन चरणों में हुई कार्रवाई में अब तक 29 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। आज पांच आरोपियों को खुले सड़क पर जुलूस के रूप में ले जाने के बाद अब पुलिस की जांच का अगला महत्वपूर्ण पड़ाव रामसिंह की गिरफ्तारी है।