दिल्ली।भारतीय युवा कांग्रेस (Youth Congress) के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही सियासी रस्साकशी अब अपने सबसे निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित कांग्रेस के नए राष्ट्रीय मुख्यालय ‘इंदिरा भवन’ में गुरुवार को छत्तीसगढ़ के प्रमुख दावेदारों का हाई-प्रोफाइल साक्षात्कार (इंटरव्यू) संपन्न हुआ।

संगठन के शीर्ष केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश भर से छांटे गए कुल 30 बड़े और प्रमुख दावेदारों को सीधे दिल्ली तलब किया था। इस इंटरव्यू के बाद अब सभी नेताओं और उनके समर्थकों की सांसें थमी हुई हैं और सबकी नजरें आलाकमान द्वारा जारी होने वाली ‘हाई परफॉर्मर’ सूची पर टिक गई हैं, जो राज्य में युवा कांग्रेस के भावी नेतृत्व की दिशा तय करेगी।

इस प्रतिष्ठित पद की दौड़ में न्यायधानी बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के कई कद्दावर नेताओं और चर्चित चेहरों ने दिल्ली पहुंचकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है।

बिलासपुर से ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री के भाई भावेंद्र गंगोत्री, आदिल खैरानी और नीरज घोरे ने शीर्ष नेतृत्व के सामने अपना पक्ष रखा।

इनके अलावा प्रदेश की राजनीति के कई चेहरे भी इस रेस में दमखम दिखा रहे हैं, जिनमें कुनकुरी नगर पंचायत अध्यक्ष विकासशील, सोनू शर्मा, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के पुत्र आदित्य भगत और राजनांदगांव की पूर्व मेयर हेमा देशमुख के पुत्र मानव देशमुख के नाम सबसे प्रमुखता से चर्चाओं में बने हुए हैं।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में हुआ यह इंटरव्यू महज एक औपचारिक मुलाकात नहीं था, बल्कि केंद्रीय पर्यवेक्षकों ने दावेदारों के संगठनात्मक अनुभव और राजनीतिक विजन को कड़ाई से परखा।

साक्षात्कार के दौरान नेताओं से केवल अतीत के काम नहीं पूछे गए, बल्कि छत्तीसगढ़ की आगामी दो वर्षों की राजनीतिक रणनीति पर भी तीखे सवाल किए गए। दावेदारों से पूछा गया कि वे जमीनी स्तर पर युवा कांग्रेस को किस तरह री-स्ट्रक्चर और मजबूत करेंगे?

इसके अलावा आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी को बढ़त दिलाने और युवाओं को बड़े पैमाने पर संगठन से जोड़ने के लिए उनके पास क्या ठोस कार्ययोजना (ब्लूप्रिंट) है? संगठन के जानकारों का कहना है कि पार्टी आलाकमान जल्द ही इस इंटरव्यू के आधार पर ‘हाई परफॉर्मर’ सूची जारी करेगा। यह सूची इसलिए सबसे अहम मानी जा रही है क्योंकि इसमें शामिल होने वाले नेताओं को ही आगे चुनावी मैदान में उतरने के योग्य माना जाएगा।

इसी बीच, भारतीय युवा कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में चल रहे सांगठनिक चुनाव के तहत नामांकन की प्रक्रिया को कुछ तकनीकी कारणों के चलते फिलहाल के लिए स्थगित कर दिया है। हालांकि, चुनाव कराने आई केंद्रीय टीम ने यह पूरी तरह साफ कर दिया है कि जिन उम्मीदवारों ने पहले ही अपना नामांकन फॉर्म भरकर तय शुल्क जमा कर दिया है, उनके आवेदन पूरी तरह से सुरक्षित और वैध रहेंगे। फिलहाल किसी भी पद के लिए नए नामांकन स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के अनुसार, आंतरिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के बाद जल्द ही संशोधित चुनाव कार्यक्रम (रिवाइज्ड शेड्यूल) जारी किया जाएगा। पूरी संभावना जताई जा रही है कि आगामी 15 जून 2026 के बाद चुनाव की नई तारीखों की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।