चारामा। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में शिक्षकों की पदोन्नति, भर्ती और निलंबन बहाली के मामलों को लेकर प्रशासनिक सुस्ती से नाराज शिक्षकों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। प्रदेश शिक्षक महासंघ के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने 11 जून को संयुक्त संचालक (JD) कार्यालय, जगदलपुर पहुंचकर अपनी लंबित मांगों को लेकर एक मजबूत ज्ञापन सौंपा।

संगठन ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि 30 जून 2026 तक उनकी मांगों पर कोई ठोस दंडात्मक या सुधारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरा संभाग स्तर पर उग्र आंदोलन और हड़ताल की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शिक्षा विभाग और बस्तर संभाग के संयुक्त संचालक की होगी।

इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश शिक्षक महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष उत्तम सिन्हा ने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले चार महीनों से मिडिल स्कूल प्रधान पाठक (H.M.), यूडीटी (UDT) पदोन्नति भर्ती और लंबे समय से निलंबित चल रहे शिक्षकों की बहाली के लिए लगातार ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं।

इन संवेदनशील और महत्वपूर्ण मुद्दों पर समय-समय पर जरूरी जानकारियां भी कार्यालय को उपलब्ध कराई गई हैं। संयुक्त संचालक की ओर से हर बार केवल आश्वासन ही हाथ लगा है, लेकिन धरातल पर अब तक कोई ठोस परिणाम निकलकर सामने नहीं आया है।

संगठन के पदाधिकारियों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि संयुक्त संचालक को बस्तर संभाग का कार्यभार संभाले करीब एक साल पूरा होने जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद यूडीटी की अंतिम वरिष्ठता सूची अब तक जारी नहीं की जा सकी है।

प्रशासनिक स्तर पर हो रही इस कछुआ चाल और भारी देरी के चलते ही मिडिल प्रधान पाठक पदोन्नति भर्ती के मामले पर कोर्ट ने स्थगन (स्टे) लगा दिया है, जिससे योग्य शिक्षकों का भविष्य अधर में लटक गया है।

इसके साथ ही संगठन ने आरोप लगाया कि पदोन्नति भर्ती जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया के लिए अधीनस्थ कार्यालयों से बार-बार त्रुटिपूर्ण और विवादित जानकारियां मंगाई जा रही हैं, जिससे केवल समय की बर्बादी हो रही है और प्रक्रिया जानबूझकर लंबी खिंच रही है।

महासंघ ने इस प्रशासनिक ढर्रे के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार करते हुए बस्तर संभाग के सभी शिक्षकों से एकजुट होने की अपील की है। उन्होंने साफ कर दिया है कि 30 जून की समय-सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी वक्त संभाग स्तर पर एक बड़े प्रदर्शन और काम बंद हड़ताल की तारीखों का ऐलान कर दिया जाएगा।