Principle Suspend-दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से बड़ी खबर सामने आई है। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम जेआरडी शासकीय बहु. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्ग की प्रिंसिपल एस. संगीता नायर को निलंबित कर दिया गया है।

Principle Suspend-उन पर विद्यालय में धार्मिक आस्थाओं से खिलवाड़ करने और पद के दुरुपयोग सहित कई गंभीर आरोप लगे थे। जिला शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर स्कूल शिक्षा विभाग ने यह कार्रवाई की है।

मामला तब सामने आया जब प्रिंसिपल पर आरोप लगा कि उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को चोटी काटने, तिलक लगाने और हाथ में रक्षा सूत्र बांधने जैसी धार्मिक आस्थाओं से जुड़ी परंपराओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। यही नहीं, उन्होंने शासन द्वारा नियुक्त राज्य ओपन परीक्षा केंद्राध्यक्ष को सहयोग देने से भी इंकार किया था।

Principle Suspend-जांच रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि संगीता नायर ने विद्यालय में कार्यरत कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया, सेवानिवृत्त व्याख्याता से संबंधित अवकाश लेखा की प्रक्रिया का निराकरण नहीं किया और पावती भी नहीं दी। इन सभी घटनाओं से विद्यालय और संकुल में असंतोष का वातावरण पैदा हो गया।

जिला शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट के मुताबिक, प्राचार्या संगीता नायर का व्यवहार छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम तीन का उल्लंघन है और इसे गंभीर कदाचार माना गया है।

आरोप साबित होने के बाद शिक्षा विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा, दुर्ग को निर्धारित किया गया है।