छत्तीसगढ़ मौसम अलर्ट:  रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून भले ही अपने आखिरी चरण में हो, लेकिन विदाई से पहले बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज रविवार को राज्य के 15 जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

इसमें राजधानी रायपुर के साथ दुर्ग, बिलासपुर, बालोद, राजनांदगांव, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, बेमेतरा, मुंगेली और बलौदा बाजार शामिल हैं। मौसम विभाग का कहना है कि इन जिलों में आज गरज-चमक के साथ तेज बारिश होगी और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।

पिछले 24 घंटे में दुर्ग और बस्तर संभाग में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई है। इसी पैटर्न को देखते हुए आज रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और आसपास के जिलों में तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। लोगों को अनावश्यक घर से बाहर न निकलने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

IMD के अनुसार, 30 सितंबर के बाद से एक बार फिर मानसून की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। यानी अक्टूबर की शुरुआत में भी प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

अब तक कितना हुआ बारिश का आंकड़ा

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में 1 जून से 27 सितंबर तक 1132.1 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, जबकि अब तक राज्य में 1154 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 2 प्रतिशत ज्यादा है।

बलरामपुर जिले में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है, जहां सामान्य से 53 प्रतिशत ज्यादा 1512.9 मिलीमीटर पानी बरसा है।

वहीं बेमेतरा में सबसे कम बारिश हुई है, जहां सामान्य से 50 प्रतिशत कम यानी केवल 516 मिलीमीटर बारिश हुई है।