महुआ के काले धंधे पर पुलिस का ‘डबल अटैक’: 4 आरोपी दबोचे, 66 लीटर शराब जब्त… 200 किलो लहान तबाह
पुलिस की घेराबंदी में खुला खेल—नकदी के साथ शराब बरामद, दो आरोपी जेल भेजे गए

बिलासपुर.. अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान में पचपेड़ी पुलिस ने बड़ा प्रहार करते हुए मनवा गांव में चल रहे महुआ शराब के काले कारोबार का खुलासा किया। एक साथ की गई कार्रवाई में चार अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को पकड़ा गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
घेराबंदी कर दबिश, मौके पर खुला पूरा नेटवर्क
मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने मनवा गांव में घेराबंदी कर रेड की। कार्रवाई इतनी सटीक रही कि मौके पर ही शराब के साथ आरोपी पकड़ में आ गए। विशाल बंजारे और राजेन्द्र बंजारे के पास से 15-15 लीटर के जरीकेन में भरी कच्ची महुआ शराब मिली। वहीं जान कुमार बंजारे के पास से 3 लीटर और कमल बंजारे के कब्जे से 3.240 लीटर शराब बरामद हुई। रेड कार्रवाई में आरोपियों से बिक्री की रकम भी मिली ।
200 किलो लहान नष्ट, बड़ी तैयारी पर पानी फेरा
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 200 किलो महुआ लहान भी मौके पर ही नष्ट कर दिया। यह वही कच्चा माल है जिससे बड़ी मात्रा में शराब तैयार की जाती। यानी एक बड़े उत्पादन नेटवर्क को वहीं खत्म कर दिया गया।
शिकंजा कसते ही दो आरोपी सीधे जेल
विशाल बंजारे और राजेन्द्र बंजारे पर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया, जो गैर-जमानती है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं जान कुमार और कमल बंजारे पर 34(1)(क)(ख) के तहत कार्रवाई की गई।





