तलवारबाजों’ पर पुलिस का प्रहार—24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार, दहशत पर ब्रेक
सड़क पर हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले दोनों युवक दबोचे गए, आर्म्स एक्ट में कार्रवाई

बिलासपुर…कोनी क्षेत्र में सड़क पर तलवार लहराकर आम लोगों में दहशत फैलाने वाले युवकों पर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जिनके कब्जे से तलवार जब्त की गई है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए यह कार्रवाई की।
पहला मामला: तलवार लहराकर दहशत
28 अप्रैल को सूचना मिली कि बड़े कोनी निवासी अंकित कुमार यादव हाथ में तलवार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा है। इलाके में भय का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलवार जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
दूसरा मामला: रमतला रोड पर खुली गुंडागर्दी
29 अप्रैल को रमतला रोड स्थित आधारशिला स्कूल के सामने मेन रोड पर एक युवक द्वारा धारदार हथियार लहराने की सूचना मिली। थाना कोनी प्रभारी राजश्री दाम के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और आरोपी अनुराग यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार किया। उसके कब्जे से तलवार जब्त कर विधिवत कार्रवाई की गई।
सख्त निर्देश के बाद एक्शन मोड में पुलिस
जिले में असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। इसी के तहत कोनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी और हथियार लहराने जैसी हरकतें अब बर्दाश्त नहीं होंगी।
कानून व्यवस्था पर फोकस, दहशत पर शिकंजा
लगातार कार्रवाई से यह साफ है कि पुलिस अब ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के लिए पेट्रोलिंग और निगरानी भी बढ़ाई जा रही है।





