पुलिस ने इंसाफ मांगने वालों पर बरसाई लाठियां — माताओं को बच्चों समेत सड़क पर घसीटा

बलरामपुर (पृथ्वी लाल केशरी)।…बलरामपुर में पुलिस की बर्बरता का ऐसा मंजर सामने आया है जिसने हर संवेदनशील इंसान को झकझोर दिया। अपने बेटे की मौत पर न्याय मांगने पहुंचे परिजनों पर ही पुलिस का कहर टूट पड़ा। सिटी कोतवाली के सामने का दृश्य ऐसा था कि देखने वालों की आंखें भर आईं — गोद में बच्चे लिए माताएं चीखती-चिल्लाती रहीं, पर पुलिस की लाठियां और धक्के लगातार बरसते रहे।
सूत्रों के मुताबिक, मृतक युवक उमेश सिंह की संदिग्ध मौत के बाद परिजन न्याय की गुहार लेकर कोतवाली गेट के सामने पहुंचे थे। उन्होंने लगभग 20 मिनट तक सड़क जाम रखा, लेकिन प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाने के बजाय बल प्रयोग का रास्ता चुना।
परिजनों का आरोप था —हमारे बेटे को पुलिस ने थाने में पीट-पीट कर मार डाला, अब हमें इंसाफ चाहिए।मगर इन पुकारों के बीच वर्दीधारियों की बेरहमी हावी रही। पुलिस ने महिलाओं तक को नहीं बख्शा। छोटे बच्चों को लिए माताएं जमीन पर गिरती रहीं, कोई उन्हें उठाने नहीं आया। कोतवाली गेट के सामने चीखें गूंजती रहीं — और कानून की रक्षा करने वाली वर्दी, इंसानियत की सारी सीमाएं लांघती दिखी।
घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोग लिख रहे हैं — “यह सिर्फ एक परिवार पर अन्याय नहीं, बलरामपुर की आत्मा पर चोट है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। परिजन समाचार लिखे जाने तक शव लेने से इनकार कर रहे थे और दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।










