एक तस्वीर, दो जिले और सुलझी गुत्थी— अज्ञात मृतिका की पहचान
ट्रैक किनारे मिला शव, दो जिलों की पुलिस जुड़ी—लापता नाबालिग के रूप में हुई पहचान

बिलासपुर… मस्तूरी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे मिली एक अज्ञात किशोरी की पहचान आखिरकार हो गई है। पुलिस की सतत कोशिशों और दो जिलों के बीच समन्वय से यह स्पष्ट हुआ कि मृतिका खैरागढ़ क्षेत्र से लापता नाबालिग थी, जिसके संबंध में पहले से अपहरण का मामला दर्ज था।
दरअसल 29 मार्च 2026 को रेलवे गार्ड द्वारा थाना मस्तूरी में सूचना दी गई थी कि ग्राम किसान परसदा के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात लड़की का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
मृतिका की पहचान नहीं हो पाने पर पुलिस ने सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों के जरिए लगातार उसका हुलिया प्रसारित किया, ताकि पहचान स्थापित की जा सके। इसी क्रम में 30 मार्च की देर रात थाना खैरागढ़ से संपर्क स्थापित हुआ। वहां दर्ज अपराध धारा 137(2) बीएनएस के तहत एक नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज था, जिसकी हुलिया मस्तूरी में मिली मृतिका से मेल खा रही थी।
इसके बाद 31 मार्च को खैरागढ़ थाना पुलिस और मृतिका के परिजन ग्राम चिचोला, ठेलकाडीह से मस्तूरी पहुंचे। यहां उन्होंने शव की पहचान अपने परिजन के रूप में की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए गृह ग्राम रवाना किया गया।
पूरे मामले में आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई थाना खैरागढ़ पुलिस द्वारा की जा रही है।





