बिलासपुर… कोटा क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर घूम-घूमकर चोरी करने वाले आरोपियों के एक गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। गिरोह ने कहीं दुकान में घुसकर नकदी और सामान उड़ाया तो कहीं बोर का बिजली तार काट ले गए। गणेश पंडाल में सो रहे व्यक्ति की जेब से मोबाइल भी पार कर दिया। पुलिस ने तीन अलग-अलग चोरी के मामलों का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों की पहचान विनय खुसरो निवासी काठाकोनी, थाना सकरी और सुनील यादव निवासी बंधवापारा, थाना सरकंडा के रूप में हुई है। कार्रवाई में एक विधि से संघर्षरत बालक भी पकड़ा गया है।

मामले की शुरुआत ग्राम खैरझिटी की एक किराना दुकान में हुई चोरी की रिपोर्ट से हुई। 11 सितंबर की रात दुकान संचालक खाना खाने के बाद ऊपर कमरे में सो गया था। सुबह उठने पर गल्ले में रखे 13 हजार रुपये नकद के साथ सिगरेट, राजश्री और खाई-खजाना समेत करीब 14 हजार रुपये का सामान गायब मिला। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

इसके बाद ग्राम भौवाकापा में बोर से करीब 20 मीटर बिजली तार चोरी होने की शिकायत मिली। वहीं ग्राम खरगहना के गणेश पंडाल में भजन-कीर्तन के बाद सो रहे एक व्यक्ति की जेब से रेडमी मोबाइल चोरी हो गया। लगातार सामने आ रही इन वारदातों ने पुलिस की जांच का दायरा बढ़ा दिया।

24 घंटे में खुला चोरी का राज

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोटा पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की। 27 सितंबर को सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने मोबाइल और बिजली तार चोरी करना स्वीकार किया। आगे पूछताछ में करीब 15 दिन पहले खैरझिटी की दुकान में घुसकर नकदी और सामान चोरी करने की बात भी कबूल कर ली।

पुलिस की पूछताछ यहीं नहीं रुकी। आरोपियों ने करीब दो महीने पहले तिफरा स्थित पुलिस क्वार्टर से हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, 20 मीटर बिजली तार, रेडमी मोबाइल और 700 रुपये नकद बरामद किए।

पुलिस के अनुसार तीनों मामलों में चोरी गई संपत्ति की बरामदगी की गई है। दोनों वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को परिजनों की मौजूदगी में बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक शिव कुमार साहू, आरक्षक दीप सिंह कंवर, जलेश्वर साहू, सुनील पटेल सहित कोटा थाना स्टाफ की भूमिका रही।