बिलासपुर…डीजे बजाने से इनकार करना युवकों को इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने रास्ता रोककर चाकू और डंडे से हमला कर दिया। घटना कोनी थाना क्षेत्र के जलसो के पास 26 सितंबर की रात करीब 10 बजे हुई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से धारदार चाकू और डंडा बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक ग्राम पोंसरा निवासी आयुष रजक अपने साथी आकाश, आशीष रजक और बोड्डा के साथ बिरकोना से डीजे को मजदा वाहन में लोड कर गांव लौट रहा था। जलसो के पास पिंटू वर्मा अपने साथी दुर्गेश गोंड, राहुल वर्मा और राहुल गोंड के साथ वहां पहुंचा। पुरानी रंजिश को लेकर पहले गाली-गलौज हुई। इसके बाद युवकों ने डीजे बजाने के लिए कहा। आयुष और उसके साथियों ने डीजे बजाने से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि पिंटू वर्मा ने धारदार चाकू से हमला कर दिया, जबकि उसके साथियों ने डंडे और स्टिक से मारपीट की। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आयुष की रिपोर्ट पर कोनी पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी और पतासाजी शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिंटू वर्मा  और दुर्गेश कुमार गोंड, दोनों निवासी जलसो भूरीभाटा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और डंडा जब्त किया गया।

दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी विवेचना की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी कोनी निरीक्षक जीतेन्द्र गुप्ता, सउनि राजेश धार, प्रधान आरक्षक दीवान तथा आरक्षक भोपसिंह साहू, उदय पाटले और अजय सोनी की भूमिका रही।