10 करोड़ की रफ्तार: बेलतरा के वार्डों में विकास की बड़ी दस्तक, 68 कामों पर मुहर
सुशांत शुक्ला की पहल असरदार—निविदा शुरू, सड़क-नाली-पानी के काम अब जमीन पर उतरने को तैयार

बिलासपुर…बेलतरा क्षेत्र के नगर निगम वार्ड अब लंबे इंतजार के बाद विकास की सीधी रेखा पर आने जा रहे हैं। 10 करोड़ रुपये की बड़ी स्वीकृति ने यह साफ कर दिया है कि बुनियादी सुविधाओं को लेकर अब सिर्फ वादे नहीं, काम दिखेगा। विधायक सुशांत शुक्ला की पहल पर मिली इस मंजूरी के साथ ही 68 विकास कार्यों का रास्ता खुल गया है और प्रशासनिक मशीनरी ने भी गति पकड़ ली है।
नगरीय प्रशासन विभाग से मिली इस स्वीकृति का सबसे अहम पहलू यह है कि 6 करोड़ 41 लाख 55 हजार रुपये के कामों के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। यानी योजनाएं कागजों से निकलकर जमीन पर उतरने की तैयारी में हैं। बेलतरा क्षेत्र के नगर निगम में शामिल वार्डों में अब सड़क, नाली और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं का ढांचा मजबूत करने पर सीधा फोकस रहेगा।
राजकिशोर नगर, खमतराई, बहतराई और चिंगराजपारा जैसे इलाकों में लंबे समय से जिन समस्याओं को लेकर स्थानीय लोग परेशान थे, उन पर अब ठोस काम तय हो चुका है। वार्ड 48 में आरसीसी नाली और सीसी रोड निर्माण के लिए राशि स्वीकृत होने से जलभराव और खराब सड़कों की समस्या पर सीधा असर पड़ेगा। वार्ड 50 में सड़कों की मरम्मत के लिए तय राशि वहां के यातायात को सुगम बनाएगी।
राजकिशोर नगर के वार्ड 51 में नाली निर्माण और सड़क सुधार के बड़े काम प्रस्तावित हैं, वहीं वार्ड 53 और 54 में पाइपलाइन, नाली और सड़क निर्माण के जरिए पूरे इलाके के इंफ्रास्ट्रक्चर को नया आकार देने की तैयारी है। वार्ड 55 और 56 में भी नाली निर्माण, पाइपलाइन विस्तार और सड़क मरम्मत के कामों से रोजमर्रा की दिक्कतों में राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा वार्ड 58, 64 और 68 में भी सीसी रोड और आरसीसी नाली निर्माण के काम शामिल कर पूरे क्षेत्र में संतुलित विकास का खाका तैयार किया गया है।
विधायक सुशांत शुक्ला ने साफ कहा है कि बेलतरा के नगर निगम वार्डों में विकास के लिए संसाधनों की कमी नहीं आने दी जाएगी। सड़क और जल निकासी जैसी समस्याओं को प्राथमिकता में रखते हुए काम जल्द शुरू होंगे और पेयजल आपूर्ति को भी बेहतर बनाया जाएगा। उनका कहना है कि आने वाले समय में सभी वार्डों में योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
इस पूरी स्वीकृति को लेकर विधायक ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रति आभार जताया है। लेकिन अब असली परीक्षा क्रियान्वयन की है—क्योंकि बेलतरा की जनता को अब फाइलों में नहीं, जमीन पर विकास दिखने की उम्मीद है।





