बिलासपुर…वर्षों से पुलिस रिकॉर्ड में फरार चल रहे वारंटियों की अब खैर नहीं। न्यायालयों से जारी स्थायी वारंटों की फाइलों में दबी कार्रवाई को जमीन पर उतारने के लिए बिलासपुर रेंज में चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के निर्देश पर 8 अक्टूबर से 7 नवंबर तक चले इस एक महीने के अभियान में 1081 स्थायी वारंटों की तामीली की गई। कई ऐसे वारंटी भी पुलिस की पकड़ में आए, जो वर्षों से फरार चल रहे थे।

दरअसल, बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने रेंज के आठों जिलों में लंबित स्थायी वारंटों की समीक्षा की तो बड़ी संख्या में ऐसे वारंट सामने आए, जिनमें न्यायालयों से फरार वारंटियों के खिलाफ गिरफ्तारी के आदेश जारी होने के बावजूद उनकी तामीली नहीं हो पा रही थी। थानों में वर्षों से लंबित पड़ी इन फाइलों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने को गंभीरता से लेते हुए आईजी ने विशेष अभियान चलाने का फैसला किया। इसे ‘ऑपरेशन बाज’ नाम दिया गया।

 तकनीक से तलाशे गए फरार वारंटी

अभियान को केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित रखने के बजाय प्रत्येक जिले के लंबित स्थायी वारंटों की समीक्षा कर अलग-अलग लक्ष्य तय किए गए। पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वारंटों की तामीली के लिए विशेष टीमें बनाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए। इसके लिए लंबित वारंटों को अंतर थाना, अंतर जिला, अंतर रेंज, अंतर राज्य और प्रदेश के बाहर की अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया। आधुनिक तकनीक की मदद से फरार वारंटियों की तलाश और उनकी गिरफ्तारी के लिए रणनीति बनाई गई।

इसका असर अभियान के दौरान दिखाई दिया। पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर वर्षों से फरार चल रहे वारंटियों को पकड़ा। वहीं, जांच के दौरान कुछ वारंटियों की मृत्यु हो जाने की जानकारी भी सामने आई। ऐसे मामलों में मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किए गए, ताकि लंबित प्रकरणों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई हो सके।

चार जिलों ने दिखाया दम, दो का प्रदर्शन कमजोर

एक महीने के अभियान में रेंज के सभी जिलों को मिलाकर 1081 स्थायी वारंटों की तामीली हुई। प्रदर्शन के मामले में बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और सारंगढ़-बिलाईगढ़ ने बेहतर काम किया और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वारंटों की तामीली की। इसके विपरीत कोरबा और रायगढ़ का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा। आईजी रामगोपाल गर्ग ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले थानों और पुलिस टीमों को पुरस्कृत करने के लिए पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है। वहीं कमजोर प्रदर्शन वाले जिलों को आगे सुधार लाने की हिदायत दी गई है।