CG Teacher/नगरी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घुरावड़ के प्राचार्य को हटाने की मांग को लेकर छात्र-छात्राएं सीधे ग्रामसभा की बैठक में पहुंच गए। बड़ी संख्या में पहुंचे विद्यार्थियों ने अपनी समस्याएं रखते हुए प्राचार्य के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने उनकी शिकायतें गंभीरता से सुनीं और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक मामला पहुंचाने का आश्वासन दिया।

विद्यार्थियों ने प्राचार्य पर समय पर स्कूल नहीं पहुंचने, शराब के नशे में विद्यालय आने और स्कूल में पढ़ाई का उचित माहौल नहीं होने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों और शाला नायक का कहना है कि प्राचार्य के विद्यालय आने-जाने का कोई निर्धारित समय नहीं है। कई बार वे कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचते हैं। विद्यार्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय परिसर में शराब पीने से संबंधित वीडियो देखे जाने की जानकारी मिली है।

छात्रों का कहना है कि प्राचार्य के व्यवहार और कार्यप्रणाली को लेकर पहले भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी वजह से उन्हें अपनी बात रखने के लिए ग्रामसभा की बैठक में पहुंचना पड़ा।

जनपद पंचायत सदस्य मंगलराम नेताम, ग्रामसभा अध्यक्ष महेशराम नेताम और सरपंच तिलकराम नेताम सहित पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि छात्र-छात्राएं पहले भी प्राचार्य के खिलाफ शिकायत आवेदन दे चुके हैं। इस संबंध में कलेक्टर और संबंधित उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया गया था।

ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले कई वर्षों से लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। विद्यार्थियों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को देखते हुए ग्रामीणों ने अब आंदोलन करने की बात कही है।

जनपद सदस्य मौसमी मंडावी ने कहा कि वे कई बार विद्यालय का निरीक्षण करने पहुंची हैं।

उनके अनुसार, निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित प्राचार्य को विद्यार्थियों को पढ़ाते हुए नहीं देखा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में उचित जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

ग्रामसभा अध्यक्ष ने भी कहा कि प्राचार्य के खिलाफ ग्रामसभा में लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्राम पंचायत ग्रामीणों के साथ मिलकर इस मामले में उचित पहल करेगी और आवश्यक कार्रवाई के लिए शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।