बिलासपुर…।शहर में मारपीट, चाकूबाजी और हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक मामले में धारदार वस्तु से हमला कर युवक की पिटाई करने वाले दो आरोपियों को जेल भेजा गया है, जबकि दूसरे मामले में चाकू लेकर राहगीरों को धमकाने वाले युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया है।

1 नवंबर की रात करीब 1:30 बजे टिकरापारा निवासी आयुष शर्मा अपने घर के पास मोहल्ले में टहल रहा था। इसी दौरान अंकित गोयल अपने साथियों के साथ स्कूटी से पहुंचा। वाहन तेज गति से चलाने को लेकर आयुष ने आपत्ति जताई तो विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि अंकित और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इसी दौरान अंकित ने धारदार वस्तु से हमला कर दिया और उसके साथियों ने हाथ-मुक्कों से पिटाई करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना में आयुष के पीठ और शरीर पर चोटें आईं।

शिकायत पर पुलिस ने अपराध के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर अनमोल हंस और समीर निहाल, दोनों निवासी जगमल चौक, को उनके घर पर दबिश देकर पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। हालांकि, मामले का मुख्य आरोपी अंकित गोयल अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

चाकू लेकर राहगीरों को धमका रहा था

पुलिस के अनुसार 5 नवंबर को ज्वाली नाला के पास दबिश देकर सुजल गोरख, निवासी मन्नू चौक, टिकरापारा को पकड़ा। पुलिस ने बताया आरोपी धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। तलाशी में उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।