बिलासपुर…बैंक की सुरक्षा व्यवस्था के बीच पीछे की पार्किंग में लगे 11 एसी के आउटर से कॉपर पाइप चोरी हो गए। करीब 50 हजार रुपये कीमत के पाइप चोरी होने की रिपोर्ट मिलते ही सिविल लाइन पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने चंद घंटों के भीतर चोरी का सुराग तलाश लिया। चोरी के पाइप बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। उसके कब्जे से चोरी का पूरा माल भी बरामद कर लिया गया।

मामला व्यापार विहार मार्ग स्थित बैंक का है। पुलिस के मुताबिक, बैंक कर्मचारी मानस रंजन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 नवंबर को ड्यूटी समाप्त होने के बाद बैंक बंद कर वे घर चले गए थे। 6 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे बैंक पहुंचे तो पीछे की पार्किंग में लगे 11 एसी आउटर के कॉपर पाइप गायब मिले। आसपास तलाश करने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। चोरी गए पाइपों की कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई। शिकायत पर पुलिस ने अपराध धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह तक पहुंचने के बाद तत्काल आरोपी की पतासाजी कर प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने संदेहियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लिल्ली माथुर उर्फ अभिषेक माथुर चोरी के कॉपर पाइप बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और संदेही को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया और निशानदेही पर चोरी के सभी कॉपर पाइप बरामद कर लिए गए। पुलिस ने चोरी के माल को विधिवत जब्त कर आरोपी अभिषेक माथुर उर्फ लिल्ली, निवासी मूलतः बीजाभाठा, कवर्धा, हाल मुकाम संजय नगर, तालापारा, बिलासपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।