“धीमी रफ्तार अब बर्दाश्त नहीं!” कलेक्टर संजय अग्रवाल के सामने पीडब्ल्यूडी अफसरों को मिला अल्टीमेटम

फोरलेन से बायपास तक हर प्रोजेक्ट की हुई सख्त समीक्षा, कहा — गुणवत्ता और समय-सीमा से कोई समझौता नहीं

बिलासपुर…बिलासपुर में अधूरे और सुस्त रफ्तार से चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर अब प्रशासन सख्त मोड में नजर आ रहा है। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने गुरुवार को नेहरू चौक से दर्रीघाट तक बन रही 10 किलोमीटर फोरलेन सड़क का निरीक्षण कर मौके पर ही अधिकारियों और ठेकेदारों को काम तेज करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर संजय अग्रवाल की मौजूदगी में आयोजित समीक्षा बैठक में साफ संदेश दिया गया कि अब निर्माण कार्यों में लापरवाही या देरी किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि जिले के सभी बड़े प्रोजेक्ट तय समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरे होना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

एक महीने में जमीन पर दिखना चाहिए

बैठक में विभागीय सचिव मुकेश कुमार बंसल ने मुख्य अभियंताओं, कार्यपालन अभियंताओं और एसडीओ स्तर के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि हर प्रोजेक्ट के लिए चरणबद्ध टाइमलाइन तय करें और रोज मॉनिटरिंग करें। उन्होंने दो टूक कहा कि निविदा स्वीकृत होने के एक महीने के भीतर हर हाल में काम शुरू होना चाहिए।

फोरलेन सड़क से लेकर ऑडिटोरियम तक समीक्षा

बैठक में कोनी-मोपका बायपास, जयरामनगर रेलवे ओवरब्रिज, जयरामनगर-सीपत रोड बायपास, उच्च न्यायालय ऑडिटोरियम, नए जेल भवन और बोदरी में प्रस्तावित विश्राम भवन सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

राष्ट्रीय राजमार्गों के लंबित कार्यों पर भी अधिकारियों से जवाब-तलब किया गया।

सिर्फ सड़क नहीं, शहर की तस्वीर बदलनी चाहिए”

नेहरू चौक से दर्रीघाट सड़क के निरीक्षण के दौरान सचिव ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि सड़कें केवल बननी नहीं चाहिए, बल्कि साफ, सुंदर और सुव्यवस्थित भी दिखनी चाहिए। उन्होंने डिवाइडरों की दीवारों और ग्रिल्स का रंग-रोगन कराने तथा सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा।

गुणवत्ता से समझौता नहीं .. कलेक्टर

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बैठक में कहा कि बिलासपुर तेजी से विकसित हो रहा शहर है और आधारभूत संरचना के कार्यों में गुणवत्ता और गति दोनों जरूरी हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर कार्यों को समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे और अधीक्षण अभियंता के.पी. संत सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।