MP Ka Mausam: इन जिलों आंधी-तूफान के साथ होगी बारिश, तेज हवाएं भी चलेगी, जानें अपने शहर के मौसम का मिजाज
मध्यप्रदेश में जून की शुरुआत से भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, कई शहरों में तापमान 45 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है और लू का अलर्ट जारी है। वहीं, 13 जून से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है, जिससे कई जिलों में आंधी और झमाझम बारिश हो सकती है।

MP Ka Mausam/जून की शुरुआत के साथ ही मध्य प्रदेश में सूरज आग उगल रहा है। नौतपा जैसे तीखे तेवर और झुलसा देने वाली गर्म हवाओं ने पूरे प्रदेश को अपनी चपेट में ले लिया है। आलम यह है कि शहर ‘अग्निकुंड’ बन गए हैं और पारा रिकॉर्ड तोड़ रहा है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
आग की भट्टी बने शहर, पारा 46 के पार
बीते तीन दिनों से प्रदेश का एक बड़ा हिस्सा भीषण गर्मी से तप रहा है। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि राज्य के 28 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है। नौगांव में तो पारा 46.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो अब तक का सर्वाधिक है। नर्मदापुरम, गुना, खजुराहो, और टीकमगढ़ जैसे शहर भी 45 डिग्री की गर्मी में झुलस रहे हैं।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए और भी कड़ी चेतावनी जारी की है। ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, गुना, सागर, छतरपुर, और टीकमगढ़ समेत कई जिलों में भीषण लू (हीट वेव) चलने की आशंका है, जिसके चलते लोगों को दोपहर में घरों में रहने की सलाह दी गई है।
वहीं, कुछ जिलों में राहत की बौछारें
जहाँ एक ओर आधा प्रदेश लू की मार झेल रहा है, वहीं दूसरी ओर पूर्वी मध्य प्रदेश के लिए मौसम थोड़ी राहत की खबर लेकर आया है। मौसम विभाग के अनुसार, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, और शहडोल जैसे जिलों में आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। इन बौछारों से इन इलाकों में तापमान में गिरावट आने और लोगों को तपिश से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।









