बिलासपुर…हत्या की कोशिश और बलवा के एक मामले में पांच साल से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे तीन आरोपियों को आखिरकार मल्हार पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदले, लेकिन इस बार उनकी लोकेशन सिरगिट्टी क्षेत्र में मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के खिलाफ लंबित चार स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की भी तामिली की गई।

मामला 9 मार्च 2021 को ग्राम बिनेका में हुई मारपीट और बलवा से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, ओमप्रकाश कुर्रे, उसके बेटे लव कुर्रे और राजेश कुर्रे ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रामेश्वर कोसले और अन्य लोगों पर जानलेवा हमला किया था। हमले में कई लोगों को गंभीर चोटें आई थीं। मामले में थाना मस्तूरी में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। घटना के बाद से ही तीनों आरोपी फरार हो गए थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलते रहे।

लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह ने विशेष रूप से पतासाजी के निर्देश दिए थे। एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के नेतृत्व में चौकी मल्हार की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों आरोपी सिरगिट्टी क्षेत्र में मौजूद हैं। पुलिस ने बिना देर किए गोपनीय तरीके से घेराबंदी की और तीनों को पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों में ओमप्रकाश कुर्रे, उसका बेटा लव कुर्रे और राजेश कुर्रे शामिल हैं। तीनों ग्राम बिनेका के निवासी हैं। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को एक और अहम सफलता मिली। आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2018 के अन्य मामलों में चार स्थाई गिरफ्तारी वारंट भी लंबे समय से लंबित थे। पुलिस ने इन वारंटों की भी तामिली कर ली।

पांच साल पुराने मामले में गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को चौकी मल्हार लाया गया। वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।