बिलासपुर… ग्राम गनियारी में मारपीट कर मोटरसाइकिल लूटने वाले तीन आरोपियों को कोटा पुलिस ने वारदात की रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पल्सर मोटरसाइकिल के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी भी बरामद की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम समडील निवासी दुर्गेश साहू 10 नवंबर को घरेलू सामान और पटाखे खरीदने अपनी पल्सर मोटरसाइकिल (सीजी 12 बीएल 1353) से गनियारी आया था। इसी दौरान तीन युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि युवकों ने उसके साथ मारपीट की और पैसों की मांग की। विरोध करने पर आरोपी उसकी मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर कोटा थाने में बीएनएस की धारा 309(4), 119(1) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय सूर्यवंशी (19), नन्द कुमार केवट (19) और नीरज सूर्यवंशी (19) के रूप में हुई है। तीनों बिलासपुर के मंगला स्थित आजाद चौक के निवासी हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत की लूटी गई पल्सर मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातों में शामिल होना सामने आया है। इस संबंध में उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी सामने आई है।

कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, थाना प्रभारी के साथ उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, उप निरीक्षक दिलीप साहू, प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, सुनील पटेल और दीप सिंह कंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।