बिलासपुर… शराब पीने के लिए पैसे मांगना और इनकार करने पर मारपीट पर उतर आना। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम फरहदा में एक ही दिन ऐसी गुंडागर्दी की दो घटनाएं सामने आईं। आरोप है कि बलराम यादव ने अपने साले के साथ मिलकर दो ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। एक मामले में तो मोटरसाइकिल गैराज में काम कर रहे युवक को पहले डंडे से पीटा और जान बचाकर घर भागने पर वहां भी पीछा करते हुए घुस गए। दूसरे मामले में मारपीट के साथ घर में लगी एस्बेस्टस की छत भी तोड़ दी। दोनों शिकायतों पर अलग-अलग अपराध दर्ज कर सीपत पुलिस ने बलराम यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

घटना 11 नवंबर की दोपहर करीब 2 बजे की है। फरहदा निवासी विक्रम पटेल अपने मोटरसाइकिल गैराज में काम कर रहे थे। इसी दौरान गांव का बलराम यादव अपने साले के साथ वहां पहुंचा। पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ और आरोप है कि शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। विक्रम ने पैसे देने से इनकार किया तो दोनों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और डंडे से हमला कर दिया। विक्रम जान बचाकर घर की ओर भागा, लेकिन आरोपियों ने वहां भी पीछा नहीं छोड़ा। घर में घुसकर हाथ-मुक्कों और डंडे से मारपीट की।

इसी दिन फरहदा के ही सुक्रेत पटेल ने भी बलराम यादव और उसके साले के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और घर में तोड़फोड़ की शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि दोनों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा घर में लगी एस्बेस्टस की सीट तोड़ दी।

दो अलग-अलग शिकायतों पर सीपत पुलिस ने अपराध के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज किए। विवेचना के दौरान बलराम यादव, निवासी फरहदा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।