बिलासपुर..तिफरा के विष्णु चौक पर धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराना एक युवक को भारी पड़ गया। स्वामी आत्मानंद स्कूल के पास हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को धमका रहे युवक की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विष्णु चौक के पास एक युवक चाकू लेकर लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक किशोर केंवट ने टीम रवाना की।

मौके पर पुलिस ने गौर कॉलोनी, यदुनंदन नगर तिफरा निवासी अनस अहमद खान को पकड़ा। उसके कब्जे से धारदार चाकू जब्त किया गया। आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 में अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। बाद में न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।