बिलासपुर…यादव समाज सरकंडा अरपा परिक्षेत्र के तत्वावधान में खमतराई में गोवर्धन पूजा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता के बीच आयोजित महोत्सव में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक सुशांत शुक्ला ने खमतराई वार्ड क्रमांक 58 स्थित रानी दुर्गावती वार्ड में यादव समाज के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सर्व यादव समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु यादव ने समाज की भूमिका और वर्तमान स्थिति पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में यादव समाज हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी निभा रहा है, लेकिन सामाजिक और आर्थिक स्थिति में अभी भी सुधार की जरूरत है। भगवान श्रीकृष्ण और उनके बालसखा सुदामा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि आज भी समाज की स्थिति सुदामा जैसी है। उन्होंने मुख्य अतिथि विधायक सुशांत शुक्ला का उल्लेख करते हुए सामाजिक समरसता की बात भी रखी।

मुख्य अतिथि विधायक सुशांत शुक्ला ने गोवर्धन पूजा के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर देवराज इंद्र के अहंकार को तोड़ा था। यह प्रसंग हमें बताता है कि अहंकार से बड़ा लोककल्याण और सामूहिक शक्ति का महत्व है। उन्होंने देश में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को सामाजिक परंपराओं को जीवित रखने का माध्यम बताया और यादव समाज को गोवर्धन पूजा की बधाई दी।

महोत्सव में विधि-विधान से भगवान गोवर्धन की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन में उत्साह भर दिया। आयोजन समिति के रामफल यादव सहित समाज के प्रमुख लोगों ने अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

कार्यक्रम में सर्व यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, उमेश गौरहा, रावत नाच महोत्सव समिति के संयोजक डॉ. कालीचरण यादव, धनु यादव, पार्षद मनोरमा विजय यादव, कमला पटेल, रेखा सूर्यवंशी, विजय यादव, रामलाल यादव, पुष्पा भगवती, मनोज और सीता सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जसवंत यादव, संतोष रामचंद्र, दुर्गेश यदु, कन्हैया, नत्थू, दुर्गेश यादव और सीता ठाकुर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी महोत्सव में शामिल हुए।