बिलासपुर… भारतीय जनता युवा मोर्चा में बिलासपुर के युवा नेता अनमोल झा को राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला स्तर से संगठनात्मक सफर शुरू करने वाले झा की राष्ट्रीय कार्यसमिति तक पहुंच उनकी लंबी संगठनात्मक सक्रियता और अलग-अलग स्तरों पर निभाई गई जिम्मेदारियों को जाहिर करती है। इस नियुक्ति से छत्तीसगढ़ को युवा मोर्चा के राष्ट्रीय संगठन में प्रतिनिधित्व मिला है।

अनमोल झा ने वर्ष 2016 में भाजयुमो जिला बिलासपुर के प्रचार-प्रसार प्रमुख के रूप में अपनी संगठनात्मक यात्रा शुरू की थी। इसके बाद वर्ष 2017 में भाजपा जिला बिलासपुर के सह मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2020 में उन्हें भाजयुमो छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के साथ रायपुर जिला प्रभारी बनाया गया। वर्ष 2022 में प्रदेश शासकीय योजना मंडल प्रमुख और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी जिले के जिला प्रभारी के रूप में काम किया। वर्ष 2023 के बिलासपुर लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने भाजयुमो जिला प्रभारी की जिम्मेदारी निभाई।

हाल ही में उन्हें नगरीय निकाय प्रकोष्ठ में सरगुजा संभाग का प्रभार सौंपा गया था। वे भाजपा बिलासपुर ग्रामीण के मीडिया प्रभारी का दायित्व भी संभाल रहे थे। जिला संगठन से लेकर प्रदेश और अब राष्ट्रीय कार्यसमिति तक का उनका सफर विभिन्न संगठनात्मक भूमिकाओं में काम करने के अनुभव को दर्शाता है।

राष्ट्रीय कार्यसमिति में नियुक्ति के बाद अनमोल झा के सामने अब राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों में भूमिका निभाने का अवसर होगा। उनकी यह जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ के युवा कार्यकर्ताओं के लिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे प्रदेश के संगठनात्मक अनुभव और युवा नेतृत्व को राष्ट्रीय मंच पर स्थान मिला है।

अपनी नियुक्ति पर अनमोल झा ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया।