CG News.छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर मनोज कुमार बंजारे के खिलाफ उनकी पत्नी पूजा बंजारे ने दहेज प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।

रायपुर महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 85, 115(2) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डिप्टी कलेक्टर ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है।

पूजा बंजारे की शिकायत के मुताबिक, उनका विवाह जुलाई 2024 में धमतरी निवासी मनोज कुमार बंजारे के साथ हुआ था। उनका आरोप है कि शादी के दूसरे दिन से ही कम दहेज लाने को लेकर ताने दिए जाने लगे।

शिकायत में कहा गया है कि पति और ससुराल पक्ष के लोग डिप्टी कलेक्टर होने का हवाला देकर कार और दो से तीन करोड़ रुपये की मांग करते थे।

मायके की जमीन बेचकर रकम लाने का दबाव बनाने का आरोप

पूजा ने आरोप लगाया है कि 4 जनवरी 2025 को उनके पति ने मायके की जमीन बेचकर दो से तीन करोड़ रुपये लाने का दबाव बनाया। शिकायत के अनुसार, रकम लाने में असमर्थता जताने पर उनके साथ मारपीट भी की गई।

उन्होंने गर्भावस्था के दौरान प्रताड़ित किए जाने और प्रसव के खर्च को लेकर विवाद होने की बात भी कही है।

प्रीमैच्योर डिलीवरी के बाद नवजात के साथ मायके छोड़ने का आरोप

शिकायत में पूजा ने बताया कि मई 2025 में प्रीमैच्योर डिलीवरी के बाद उन्हें नवजात बच्चे के साथ मायके छोड़ दिया गया। उनका आरोप है कि इसके बाद पति और ससुराल पक्ष ने उनसे संपर्क करना बंद कर दिया और पति ने उनकी तथा बच्चे की जिम्मेदारी लेने से भी इनकार कर दिया। पूजा के मुताबिक, फिलहाल उनके सेवानिवृत्त पिता परिवार का खर्च उठा रहे हैं।

मायके पहुंचकर मारपीट और तोड़फोड़ करने की शिकायत

पूजा ने आरोप लगाया है कि 18 अप्रैल और 2 सितंबर 2026 को उनके पति और ससुराल पक्ष के लोग मायके पहुंचे।

इस दौरान उनके साथ मारपीट करने और घर में तोड़फोड़ किए जाने की शिकायत की गई है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का हिस्सा बताया है।

महिला थाना रायपुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच में शिकायत में लगाए गए आरोपों, संबंधित घटनाओं और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी। फिलहाल आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।