बिलासपुर…दशहरा मेले के दौरान शराब पीने के लिए पैसे नहीं देना एक युवक को भारी पड़ गया। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम कौड़िया में पैसे देने से इनकार करने पर एक हिस्ट्रीशीटर ने युवक के साथ बेल्ट से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे दूसरे व्यक्ति को भी आरोपी ने हाथ-मुक्कों से पीटा और जान से मारने की धमकी दी। मामले में सीपत पुलिस ने आरोपी राजकुमार केंवट को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, अनुराग ध्रुव मूल रूप से हरदीकला टोना, थाना सिरगिट्टी क्षेत्र का निवासी है। वह कौड़िया में रमेश मरावी के घर रहकर मजदूरी करता है। 20 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे अनुराग, रमेश मरावी के साथ दशहरा मेला देखने गया था। दोनों रवि तिवारी की किराना दुकान के पास रुके थे। इसी दौरान कौड़िया निवासी राजकुमार केंवट (33) वहां पहुंचा और अनुराग से शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा।

अनुराग ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने बेल्ट से अनुराग की पिटाई की और जान से मारने की धमकी दी। अनुराग को बचाने के लिए रमेश मरावी बीच में आया तो आरोपी ने उसके साथ भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

घटना के बाद अनुराग ने सीपत थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी राजकुमार केंवट को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।