LIVE UPDATE
Chhattisgarh

बस्तर संभाग में बाढ़ का कहर: सियोल से सीएम ने संभाली कमान.. वर्चुअल समीक्षा कर राहत कार्य तेज करने का दिया आदेश

रायपुर… छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने नौ दिवसीय विदेश प्रवास के अंतिम पड़ाव दक्षिण कोरिया के सियोल से ही बस्तर संभाग में आई बाढ़ की गंभीर स्थिति पर समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने 28 अगस्त 2025 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के कलेक्टरों और कमिश्नरों से संवाद कर राहत और बचाव कार्यों को तेज करने के सख्त निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “प्रशासन को विषम परिस्थितियों में जनता के साथ खड़ा रहना चाहिए। हर प्रभावित व्यक्ति तक तुरंत मदद पहुंचे और उन्हें यह महसूस हो कि शासन उनके साथ है।”

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के अहम निर्देश

समीक्षा बैठक में राजस्व सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले, पीडब्ल्यूडी और ऊर्जा सचिव, और बीजापुर, बस्तर, दंतेवाड़ा, सुकमा जिलों के कलेक्टर शामिल हुए।मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से दंतेवाड़ा में हुए नुकसान पर चिंता जताते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत से विस्तृत जानकारी ली।प्रभावित जिलों के प्रभारी सचिवों को त्वरित दौरा कर स्थिति का आकलन करने और रिपोर्ट देने का आदेश दिया गया। मुख्यमंत्री ने हर जरूरतमंद तक समय पर सहायता पहुंचाने, राहत शिविरों को व्यवस्थित रखने और निगरानी तंत्र मजबूत करने के निर्देश दिए।

बाढ़ का असर: जनजीवन ठप

लगातार बारिश से दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और बस्तर जिलों में बाढ़ का कहर बरपा है। 26 और 27 अगस्त को दंतेवाड़ा में 93.7 मिमी और 118.4 मिमी, बस्तर में 67.3 से 121.3 मिमी, सुकमा में 35 से 109.3 मिमी, और बीजापुर में 34.9 से 50.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। कुल 25 गाँव बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। अब तक 5 जनहानि और 17 पशुधन हानि की पुष्टि हुई है। 165 मकान आंशिक और 86 मकान पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त बताए गए हैं।

43 राहत शिविरों में 2,196 लोग सुरक्षित

राजस्व सचिव एवं आपदा राहत आयुक्त रीना बाबासाहेब कंगाले के अनुसार दंतेवाड़ा में 1,116, सुकमा में 790 बीजापुर में 120, बस्तर में  170 समेत कुल 2,196 प्रभावितों को 43 राहत शिविरों में ठहराया गया है।

प्रशासन ने शिविरों में भोजन, चिकित्सा सुविधा और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया है। सभी प्रभावित गांवों में एसडीआरएफ, नगर सेना और आपदा मित्रों की टीमों को तैनात किया गया है।

मुख्यमंत्री का संदेश

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनहानि पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को त्वरित सहायता राशि और पुनर्वास कार्य प्राथमिकता पर मिलेंगे। उन्होंने प्रशासनिक अमले और राहत दलों से कहा कि वे चौकन्ना रहें, हर जरूरतमंद तक तत्काल मदद पहुंचाएं

सीएम ने जनता से अपील की कि वे प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि “सामूहिक प्रयासों से जल्द ही हालात सामान्य किए जाएंगे और प्रभावित क्षेत्रों में जीवन पटरी पर लौटेगा।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close