थाने के सामने सरकारी क्वार्टर में चोरी, महिला अधिकारी के घर से गैस सिलेंडर पार—सुरक्षा पर बड़ा सवाल
दरवाजा तोड़कर घुसे चोर, कमरे का सामान बिखेरा; थाने से चंद कदम दूर वारदात

बलरामपुर…( पृथ्वी लाल केशरी)…थाने के ठीक सामने स्थित सरकारी क्वार्टर में चोरी की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सीधा सवाल खड़ा कर दिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में पदस्थ जिला प्रबंधक (डाटा) वर्षा रानी तिर्की के क्वार्टर को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोर गैस सिलेंडर पार कर ले गए।
दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे चोर
ड्यूटी खत्म कर रात करीब 8:30 बजे जब वर्षा रानी तिर्की क्वार्टर पहुंचीं तो पीछे का दरवाजा खुला मिला और अंदर जाने वाला दरवाजा टूटा पड़ा था। कमरे में सामान बिखरा हुआ था, अलमारी खुली मिली और किचन से गैस सिलेंडर गायब था। साफ है कि चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।
थाने के सामने ही सेंध, सुरक्षा पर सवाल
घटना की सबसे गंभीर बात यह है कि चोरी की यह वारदात थाने के सामने, यानी पुलिस की सीधी निगरानी वाले इलाके में हुई। इससे न सिर्फ चोरों के हौसले का अंदाजा लगता है, बल्कि यह भी साफ होता है कि उन्हें किसी तरह का भय नहीं रहा।
शिकायत के बाद जांच शुरू
पीड़िता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।





