बिलासपुर…अपराध रोकने में कई बार पुलिस की कार्रवाई से पहले एक सजग नागरिक की सतर्कता अहम कड़ी बन जाती है। सीपत थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में भी ऐसा ही हुआ। चोरी के गहने खपाने के इरादे से एक संदिग्ध व्यक्ति रतनपुर की साईं ज्वेलर्स पहुंचा, लेकिन दुकान संचालक संतोष सोनी ने उसकी गतिविधि पर संदेह होते ही पुलिस को सूचना दे दी। व्यापारी की इस सजगता ने पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग दिया और चोरी गए माल-मशरूका की बरामदगी का रास्ता खुल गया।

पुलिस के मुताबिक संतोष सोनी ने संदिग्ध व्यक्ति के गहने बेचने पहुंचने पर बिना जोखिम उठाए तत्काल पुलिस से संपर्क किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और संदिग्ध गतिविधि से जुड़े सुरागों को आगे बढ़ाया। व्यापारी के सहयोग से पुलिस चोरी के माल तक पहुंचने में सफल रही।

एसएसपी ने सजगता को बताया मिसाल

पुलिस कप्तान रजनेश सिंह ने संतोष सोनी की सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। आम नागरिक और व्यापारी यदि अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सजग रहें और समय पर पुलिस को सूचना दें तो कई अपराधों को अंजाम तक पहुंचने से पहले रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि चोरी या अन्य अपराध के बाद पुलिस की कार्रवाई जितनी महत्वपूर्ण है, उतनी ही महत्वपूर्ण वह सूचना भी होती है जो किसी सजग नागरिक से समय पर मिलती है।

एसएसपी ने व्यापारियों से कहा कि संदिग्ध व्यक्ति या संदिग्ध तरीके से बेचे जा रहे सामान को लेकर किसी तरह का जोखिम न उठाएं। ऐसी स्थिति में खुद पूछताछ या कार्रवाई करने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। इससे व्यापारी भी सुरक्षित रहेगा और पुलिस को अपराध की कड़ी तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

 व्यापारी नहीं,अपराध रोकने में पुलिस सहयोगी

बिलासपुर पुलिस ने संतोष सोनी की भूमिका को जिम्मेदार व्यापारी और जागरूक नागरिक के उदाहरण के रूप में पेश किया। पुलिस का कहना है कि बाजार, सराफा दुकानें और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। संदिग्ध तरीके से गहने या अन्य कीमती सामान बेचने आने वाले लोगों की जानकारी समय पर पुलिस तक पहुंचने से चोरी के माल की बरामदगी के साथ अपराधियों तक पहुंचना आसान है।

पुलिस ने सराफा कारोबारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस को दें। एक छोटी-सी सूचना किसी बड़े अपराध का पर्दाफाश कर सकती है।

पुलिस कप्तान ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच भरोसा और सहयोग जितना मजबूत होगा, अपराधियों के लिए अपना नेटवर्क चलाना उतना ही मुश्किल होगा। सजग नागरिक ही सुरक्षित शहर की सबसे मजबूत कड़ी हैं।