Fixed Deposit Rates-भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा इस महीने की शुरुआत में रेपो रेट में 25 बीपीएस की कटौती किए जाने के बाद बैंकिंग क्षेत्र में ब्याज दरों को संशोधित करने का दौर शुरू हो गया है।

Fixed Deposit Rates-इसी क्रम में निजी क्षेत्र के प्रमुख ऋणदाता एक्सिस बैंक (Axis Bank) ने अपने ग्राहकों को बड़ा झटका देते हुए फिक्स डिपॉजिट (FD) पर दी जाने वाली ब्याज दरों में 0.15 प्रतिशत तक की कटौती कर दी है। बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, ये नई दरें 26 दिसंबर 2025 से प्रभावी हो चुकी हैं।

अब 3 करोड़ रुपये से कम की एफडी कराने वाले सामान्य नागरिकों को विभिन्न अवधियों के लिए 3 प्रतिशत से लेकर 6.45 प्रतिशत तक का ब्याज मिलेगा, जबकि वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह सीमा 3.50 प्रतिशत से लेकर 7.20 प्रतिशत तक रखी गई है।

बैंक के इस फैसले का सबसे ज्यादा असर उन निवेशकों पर पड़ा है जो लंबी अवधि के लिए पैसा जमा करना चाहते हैं। 15 महीने से लेकर 10 साल तक की मैच्योरिटी वाली एफडी पर पहले जहां सामान्य नागरिकों को 6.60 प्रतिशत ब्याज मिलता था, उसे अब घटाकर 6.45 प्रतिशत कर दिया गया है।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए बैंक ने हमेशा की तरह अतिरिक्त लाभ का प्रावधान रखा है, जिसके तहत उन्हें सामान्य नागरिकों की तुलना में 0.50 प्रतिशत (50 बीपीएस) ज्यादा ब्याज मिलेगा। एक साल के निवेश पर बैंक अब 6.25 प्रतिशत का रिटर्न ऑफर कर रहा है, जबकि वरिष्ठ नागरिकों के लिए इसी अवधि पर 6.75 प्रतिशत का रिटर्न तय किया गया है।

अल्पकालिक निवेश की बात करें तो एक्सिस बैंक ने विभिन्न समय सीमाओं के लिए अलग-अलग दरें निर्धारित की हैं। 7 दिन से 29 दिन के निवेश पर 3 प्रतिशत, 30 से 45 दिन पर 3.25 प्रतिशत और 46 से 87 दिन की अवधि पर 4 प्रतिशत ब्याज मिलेगा। जो निवेशक 3 महीने से लेकर 6 महीने से कम समय के लिए पैसा जमा करना चाहते हैं, उन्हें 4.50 प्रतिशत ब्याज दिया जाएगा। वहीं, 6 महीने से 9 महीने से कम के स्लैब पर ब्याज दर 5.50 प्रतिशत और 9 महीने से एक साल से कम की अवधि के लिए यह दर 6.25 प्रतिशत तय की गई है। 3 करोड़ से 5 करोड़ रुपये के बीच के बड़े निवेश पर बैंक 4 प्रतिशत से लेकर अधिकतम 6.60 प्रतिशत तक का ब्याज ऑफर कर रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि केंद्रीय बैंक द्वारा रेपो रेट में की गई कटौती के बाद आने वाले हफ्तों में कई अन्य सार्वजनिक और निजी बैंक भी अपनी जमा दरों को कम कर सकते हैं।

Fixed Deposit Rates-एक्सिस बैंक ने निवेशकों को सलाह दी है कि चूंकि ब्याज दरों में समय-समय पर बाजार की स्थितियों के आधार पर बदलाव होता रहता है, इसलिए किसी भी सावधि जमा योजना में पैसा लगाने से पहले बैंक की आधिकारिक वेबसाइट पर जांच कर लें या अपनी नजदीकी शाखा में जाकर ताजा जानकारी जरूर लें।