बिलासपुर.. शहर के सबसे व्यस्त कारोबारी इलाके व्यापार विहार में गुरुवार को ऐसी ठगी हुई जिसने बाजार के व्यापारियों को हैरान कर दिया। झाड़-फूंक और बीमारी दूर करने का झांसा देकर दो शातिर युवकों ने एक व्यापारी को अपनी बातों में उलझाया और देखते ही देखते ढाई लाख रुपए से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक नवागढ़ निवासी व्यापारी जनक प्रसाद साहू अपने पुत्र उमेश साहू के साथ व्यापार विहार आए थे। कृषि उपज की खरीदी के बाद दोनों अंडा चौक क्षेत्र की ओर पहुंचे ही थे कि बाइक सवार दो युवक उनके पास आकर रुके। बातचीत के दौरान युवकों ने व्यापारी की तबीयत और पारिवारिक परेशानियों का हवाला देते हुए दावा किया कि वे झाड़-फूंक कर सारी बाधाएं दूर कर सकते हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवकों ने बड़ी चतुराई से व्यापारी का विश्वास जीता और कथित धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर उन्हें 21 कदम आगे चलने को कहा। व्यापारी जैसे ही उनकी बात मानकर आगे बढ़े, आरोपियों ने रुपयों से भरा बैग उठाया और बाइक से फरार हो गए। कुछ ही सेकंड बाद जब व्यापारी को ठगी का एहसास हुआ तब तक दोनों बदमाश भीड़ का फायदा उठाकर ओझल हो चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही तारबहार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में दो संदिग्ध युवकों की गतिविधियां कैमरों में कैद होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित कर दी है और शहर के विभिन्न इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने व्यापार विहार के कारोबारियों को चिंता में डाल दिया है। व्यापारियों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले बाजार में इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

फिलहाल पुलिस ठगों की पहचान और उनके फरार होने के रूट का पता लगाने में जुटी हुई है। बाजार में चर्चा है कि शातिरों ने अंधविश्वास और मनोवैज्ञानिक दबाव का इस्तेमाल कर व्यापारी को निशाना बनाया, जिससे एक बार फिर लोगों को ऐसे झांसेबाजों से सतर्क रहने की जरूरत महसूस हो रही है।