एग्जाम का दबाव, ट्रैफिक पर असर: बिलासपुर में विशेष व्यवस्था लागू बाहरी रूट से चलें
NEET डे: शहर में नो-एंट्री, डायवर्जन और पुलिस का कड़ा पहरा

बिलासपुर…NEET 2026 परीक्षा को लेकर रविवार को बिलासपुर शहर पूरी तरह अलर्ट मोड में रहेगा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा दोपहर 2:00 बजे से 5:00 बजे तक शहर के 19 परीक्षा केंद्रों में परीक्षा आयोजित हो रही है, जिसके चलते हजारों परीक्षार्थी और अभिभावक शहर में पहुंचेंगे।
19 केंद्र, पूरे शहर पर असर
शहर के अलग-अलग हिस्सों में बनाए गए 19 परीक्षा केंद्रों के कारण सुबह से ही यातायात दबाव बढ़ने की संभावना है। बाहरी जिलों से भी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी बिलासपुर पहुंच रहे हैं, जिससे प्रमुख मार्गों पर भीड़ बढ़ेगी।
भारी वाहनों की नो-एंट्री, रूट डायवर्ट
पुलिस और यातायात विभाग ने शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू कर दी है। जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। चौक-चौराहों, संकीर्ण मार्गों, पुल-पुलिया और एंट्री-एग्जिट पॉइंट्स पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
इन समयों में ज्यादा दबाव
सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक परीक्षा केंद्रों की ओर आवागमन तेज रहेगा। वहीं शाम 5:00 बजे से 7:00 बजे तक परीक्षा समाप्त होने के बाद भीड़ फिर बढ़ेगी।
नागरिकों से अपील
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि इन समयों में शहर के अंदरूनी मार्गों से बचें और बाहरी रूट का उपयोग करें। साथ ही ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर और सुरक्षित पहुंचने में कोई बाधा न हो।





