CG news जांजगीर-चांपा।छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से सरकारी स्कूल की व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में छोटे-छोटे बच्चे पढ़ाई करने के बजाय स्कूल की कक्षाओं में झाड़ू लगाते और दीवारों की दरारों को सीमेंट से भरते नजर आ रहे हैं। मामला सामने आने के बाद पालकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला जांजगीर-चांपा जिले के कोटमी सोनार के बाजार पारा स्थित शासकीय उच्चतर प्राथमिक शाला का बताया जा रहा है।

वायरल वीडियो में पहली से पांचवीं कक्षा तक के बच्चे स्कूल की कक्षाओं में सफाई करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, कुछ बच्चे दीवारों की दरारों में सीमेंट भरकर मरम्मत करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।

गांव के ही एक युवक ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया था, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

वीडियो वायरल होने के बाद बच्चों के माता-पिता और स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

पालकों का कहना है कि बच्चे स्कूल में पढ़ाई करने और ज्ञान हासिल करने जाते हैं, न कि सफाई या मरम्मत जैसे काम करने के लिए। उनका मानना है कि इस तरह बच्चों से काम कराना उनके मानसिक और शारीरिक विकास पर प्रतिकूल असर डाल सकता है।

मामले के सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी मनोहर प्रताप सिंह ने इसे गंभीरता से लिया है।

उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

डीईओ ने स्पष्ट किया कि बच्चों की पढ़ाई और उनके भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किन परिस्थितियों में बच्चों से स्कूल परिसर में सफाई और मरम्मत जैसे काम कराए जा रहे थे और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।